बंद मकान से बंदूक-जेवर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, September 26, 2026

बंद मकान से बंदूक-जेवर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार

देवेश प्रताप सिंह राठौर

उन्नाव गंगाघाट थाना क्षेत्र के अखलाकानगर में बंद मकान की खिड़की की जाली तोड़कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की लाइसेंसी 12 बोर की एक नाली बंदूक, लैपटॉप, टैबलेट, साइंटिफिक कैलकुलेटर, जेवर और मोबाइल समेत पूरा सामान बरामद करने का दावा किया है। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने शनिवार दोपहर तीन बजे पुलिस लाइन में घटना का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक अखलाकानगर निवासी चांद बीबी पत्नी मुबीनुज्जमा खां 23 सितंबर की रात मकान में ताला लगाकर


रिश्तेदारी में मोती नगर, कानपुर नगर गई थीं। 24 सितंबर की सुबह वापस लौटीं तो मकान के पीछे की खिड़की की जाली टूटी मिली। दूसरी मंजिल के कमरे का दरवाजा भी टूटा था। अलमारी से गहने, एचपी कंपनी का लैपटॉप, सैमसंग टैबलेट और लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक गायब थी। पीड़िता की तहरीर पर गंगाघाट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर 25 सितंबर को चंदन घाट से गुलफ्राम पुत्र आरिफ और अरबाज पुत्र मोहम्मद मुख्तार को गिरफ्तार किया गया। गुलफ्राम की उम्र करीब 22 वर्ष और अरबाज की उम्र करीब 18 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। 


बता दे कि आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी एक नाली बंदूक, एचपी लैपटॉप, साइंटिफिक कैलकुलेटर, सैमसंग का 32 जीबी टैबलेट, तीन पीली धातु की अंगूठियां, दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, दो चांदी के सिक्के और दो मोबाइल बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गुलफ्राम के खिलाफ कानपुर के चकेरी और महाराजपुर थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। गंगाघाट थाने में भी उसके खिलाफ वर्ष 2026 में मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, माबूब रजा, विनोद सिंह, हेड कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह समेत 15 पुलिसकर्मी शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages