पीडीए जागरूकता अभियान में सपा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Monday, September 14, 2026

पीडीए जागरूकता अभियान में सपा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

मानसिंह पटेल बोले—चुनाव विकास के मुद्दे पर हो, हिंदू-मुसलमान के नाम पर नहीं

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। समाजवादी पार्टी की ओर से चलाए जा रहे पीडीए जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत विलास, चिल्लीमल, वीर धुमाई और सुरकी गांव में जनसंपर्क किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को समाजवादी पार्टी सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विकास विजन की जानकारी दी गई। सपा नेता मानसिंह पटेल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को भारतीय जनता पार्टी विकास के मुद्दे पर नहीं, बल्कि हिंदू-मुसलमान, मंदिर-मस्जिद और भारत-पाकिस्तान जैसे मुद्दों पर लड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों का एजेंडा विकास, रोजगार, महंगाई पर नियंत्रण और सामाजिक न्याय है।


उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित, पिछड़े और आदिवासी वर्ग के हितों एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार की नीतियां चिंता पैदा कर रही हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति और विकास कार्यों को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। मानसिंह पटेल ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए के लोगों को एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पक्ष में मतदान करना होगा। उन्होंने कहा कि जनता को विकास और जनहित के मुद्दों पर अपना निर्णय लेना चाहिए। पार्टी प्रवक्ता सुभाष पटेल ने भाजपा और आरएसएस पर संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान पीडीए समेत सभी वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा का आधार है और इसे कमजोर करने के किसी भी प्रयास के प्रति जनता को सजग रहना होगा।

इस मौके पर पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष कुबेर निषाद, वरिष्ठ नेता राम मूरत यादव, युवा नेता अंगद यादव, सुनील यादव, गुड्डू केसरवानी, राम प्रकाश वर्मा, बूथ अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन, सत्तार खान, राम गणेश यादव, लक्ष्मी प्रसाद प्रजापति, राजेश कुमार कोटार्य, शंकर प्रजापति, लक्ष्मी यादव, उदयभान विश्वकर्मा सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages