हाईवे पर हादसे में घायल सुनील की इलाज के दौरान मौत
परिजनों ने बाइक सवार पर कार्रवाई न होने का लगाया आरोप
फतेहपुर, मो शमशाद । खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन हाईवे पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 53 वर्षीय सुनील कुमार मिश्रा की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। मृतक के बड़े भाई राधेश्याम मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि हादसे में शामिल बाइक का नंबर सामने आने के बावजूद पुलिस ने कथित तौर पर वाहन व उसके मालिक को छोड़ दिया राधेश्याम मिश्रा के मुताबिक, सात अगस्त को दोपहर करीब एक बजे उनके भाई सुनील कुमार मिश्रा कटोघन हाईवे के किनारे खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार दोपहिया
![]() |
| एसपी कार्यालय के बाहर खडे पीडित परिवार। |
वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बारह अगस्त को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक हादसे के संबंध में खागा कोतवाली में अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उनका कहना है कि हादसे के दो प्रत्यक्षदर्शियों ने टक्कर मारने वाली बाइक का नंबर यूपी 71 बीएम 9173 बताया था। आरोप है कि पुलिस ने बाइक व उसके मालिक को थाने बुलाया, लेकिन बाद में बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया गया। मृतक के भाई ने पुलिस पर मामले में अपेक्षित कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए राजनीतिक दबाव की आशंका भी जताई है। उनका कहना है कि सुनील परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। उनकी मौत से पत्नी के अलावा दो अविवाहित बेटियां और एक बेटा बेसहारा हो गए हैं। ऐसे में परिवार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment