बबेरू/बांदा, के एस दुबे । बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मंझिला गांव के पास सोमवार दोपहर बाइक से गिरकर एक 55 वर्षीय महिला की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। इस अचानक हुई दुर्घटना से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिसंडा थाना क्षेत्र के लौली टीका मऊ गांव की रहने वाली गोल्ही देवी पत्नी श्यामलाल, उम्र 55 वर्ष सोमवार दोपहर अपने पुत्र सुरेश वर्मा के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी पुत्री सविता देवी की ससुराल मंझिला गांव जा रही थीं। जैसे ही वे मंझिला गांव के पास पहुंचे, बाइक के पीछे बैठीं गोल्ही देवी अचानक
संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बबेरू कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सोमवार की दोपहर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज के मर्चरी हाउस भेज दिया। मृतका के दो पुत्र सुरेश वर्मा, सुरेंद्र वर्मा और दो पुत्रियां सविता देवी, आमिरती देवी हैं, जिनकी पहले ही शादी हो चुकी है। इस हादसे के बाद से सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


No comments:
Post a Comment