सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में कोतवाली नगर पुलिस की कार्रवाई, अभियुक्त को जेल भेजा
बांदा, के एस दुबे । पूर्व भाजपा विधायक राजकरन कबीर की सुरक्षा में तैनात गनर के साथ वाद-विवाद और धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने अभियुक्त अभिषेक उर्फ अभि त्रिपाठी निवासी खुरहंड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई के बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 सितंबर को थाना कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अभिषेक उर्फ अभि त्रिपाठी को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि 9 सितंबर की शाम कोतवाली नगर क्षेत्र के कालूकुआं चौराहे के पास वाहन हटाने की बात को लेकर अभियुक्त का गनर सुरक्षा में तैनात आरक्षी संदेश शर्मा से विवाद हो गया था। पुलिस का आरोप है कि विवाद के दौरान आरक्षी के साथ धक्का-मुक्की की गई और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। घटना के संबंध में आरक्षी संदेश शर्मा की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने 10 सितंबर को अभियुक्त को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय भेजा, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


No comments:
Post a Comment