बांदा, के एस दुबे । विकासखंड जसपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर के मुख्य चौराहा गलवा ताला के पास उजगरा डेरा रोड पर भारी जलभराव से ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार अनिल साहू और भगत यादव की दुकानों के सामने सड़क पर काफी मात्रा में पानी भरा हुआ है, जिससे छोटे बच्चों के डूबने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण लंबे समय से समस्या बनी हुई है। वहीं पुलियों के आसपास की गई गहरी खुदाई भी चिंता का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों के
मुताबिक खुदाई इतनी अधिक है कि किसी भी समय कोई व्यक्ति या जानवर उसमें गिरकर हादसे का शिकार हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार मौके का निरीक्षण किया जा चुका है। लेखपाल और कानूनगो भी स्थिति का जायजा ले चुके हैं, लेकिन अब तक जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित बड़े हादसे को देखते हुए जल्द से जल्द पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए और पुलियों के आसपास मौजूद खतरनाक गड्ढों को सुरक्षित कराया जाए।


No comments:
Post a Comment