न आवास मिला, न शौचालय, अब खाने के भी पड़े लाले
पैलानी/बांदा, के एस दुबे । लगातार हो रही भीषण बारिश ने गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिपरोदर गांव निवासी रतन पत्नी रामबाबू भुर्जी ने बताया कि बारिश के चलते उनका कच्चा मकान गिर गया। मकान के मलबे में घर में रखा राशन और अन्य खाद्य सामग्री भी दब गई, जिससे परिवार के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। रतन ने बताया कि परिवार को अब तक सरकार की ओर से किसी भी प्रकार का लाभ नहीं मिला है। न तो उन्हें आवास योजना का लाभ मिला और न ही शौचालय उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि घर में सयानी बेटियां हैं और
मकान गिर जाने के बाद परिवार के सामने रहने की भी बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। परिवार के मुताबिक, पति रामबाबू मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन इस समय लगातार बारिश के कारण मजदूरी का काम भी नहीं मिल पा रहा है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मकान गिरने के बाद आर्थिक सहायता, राशन और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment