बारिश के कारण बंद था निर्माण कार्य, बोरी में मोटर भरकर ले गया था मजदूर
फतेहपुर, मो शमशाद । राधानगर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से टुल्लू मोटर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी मजदूर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई टुल्लू मोटर भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले कई दिनों से निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहा था और मौका पाकर मोटर बोरी में भरकर पीछे के रास्ते से लेकर फरार हो गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बरामदगी से संबंधित धारा की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।
![]() |
| पुलिस टीम की गिरफ्त में मोटर चुराने वाला मजदूर। |
जानकारी के अनुसार गाजीपुर थाना क्षेत्र के फरिदावाद टिकरी निवासी मनोज कुमार पुत्र रामचरन ने तीन सितंबर को राधानगर थाने में तहरीर देकर बताया कि नई बस्ती राधानगर में उनका निर्माणाधीन मकान है, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। यहां अमित कुमार पासवान पुत्र स्व. रामऔतार निवासी डुण्डरा पहाड़पुर, थाना गाजीपुर पिछले चार-पांच दिनों से मजदूरी कर रहा था। दो सितंबर को बारिश होने के कारण निर्माण कार्य बंद था। दोपहर करीब 12 बजे जब वह निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे तो वहां लगी पानी की टुल्लू मोटर गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी मोटर का पता नहीं चला। स्थानीय लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि वहां मजदूरी करने वाला अमित कुमार पासवान टुल्लू मोटर को बोरी में भरकर मकान के पीछे की तरफ से ले गया है। सूचना के आधार पर राधानगर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 197/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की। शुक्रवार को वांछित आरोपी अमित कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई एक टुल्लू मोटर भी बरामद की। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


No comments:
Post a Comment