गलियों से घरों तक पानी ही पानी, शौचालय हुए जलमग्न
बच्चों को पानी से होकर स्कूल जाने की मजबूरी, इंजन लगाकर शुरू की जलनिकासी
फतेहपुर, मो शमशाद । खागा विधानसभा क्षेत्र के पल्लावां अजरौली गांव में बारिश के बाद जलभराव ने ग्रामीणों की जिंदगी मुश्किल कर दी है। गांव की गलियों से लेकर कई घरों तक पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीणों को अपने घरों और गलियों से पानी निकालने के लिए इंजन का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं लगातार बारिश के चलते कई कच्चे मकान गिर चुके हैं, जिससे ग्रामीण परिवार जान जोखिम में डालकर जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं।
![]() |
| ग्रामीणों से वार्ता करते सपा नेता रामतीर्थ परमहंस। |
गांव में जलभराव का आलम यह है कि कई घरों के शौचालय भी पानी में डूब गए हैं। वहीं जिन परिवारों के पास शौचालय की सुविधा नहीं है, उन्हें शौच क्रिया के लिए जंगल का रुख करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों की परेशानी भी कम नहीं है। जलभराव के बीच बच्चों को पानी से होकर विद्यालय जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल गांव में जलभराव की समस्या पैदा होती है, लेकिन स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने खुद ही इंजन लगाकर पानी निकालने की कवायद शुरू की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाती तो लोगों को इस परेशानी से नहीं जूझना पड़ता। कई कच्चे मकान बारिश के चलते गिर चुके हैं और अन्य जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों को भी अनहोनी का डर सता रहा है। इसी बीच ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के नेता, खागा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस गांव पहुंचे। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने उन्हें जलभराव, जलनिकासी, गिरे मकानों, शौचालय और पेयजल की समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की टंकी और घर-घर नल तो लगाए गए हैं, लेकिन नलों से पीने का पानी नहीं मिल रहा है। इससे बारिश के बीच ग्रामीणों के सामने पेयजल का संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने गांव की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने और पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। रामतीर्थ परमहंस ने ग्रामीणों की समस्याओं पर चिंता जताते हुए उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समस्याओं से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर उन्हें प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जा सके। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव छात्र सभा विजय सिंह विधायक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment