सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने तलाशा ई-रिक्शा, एसपी ने टीम को दिया पंद्रह हजार का पुरस्कार
फतेहपुर, मो शमशाद । ई-रिक्शा की छत पर रखा बैग और गैस चूल्हा भूलकर घर चली गई महिला के लाखों रुपये कीमत के सामान को कोतवाली नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ई-रिक्शा की तलाश की और पमाथ का पुरवा से बैग व गैस चूल्हा बरामद कर महिला को सामान सकुशल सुपुर्द कर दिया। बैग में 1.10 लाख रुपये नकद, करीब 20 हजार रुपये कीमत के चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान था। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस टीम की त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई पर 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
![]() |
| महिला को बरामद सामान सौंपती पुलिस। |
कोतवाली नगर क्षेत्र के 256 ए पानी मोहल्ला निवासी शिखा तिवारी पत्नी कृष्ण चरण त्रिपाठी तीन सितंबर को अपने पिता, सास और बहन के लड़के के साथ ई-रिक्शा से घर से ज्वालागंज बस स्टॉप जा रही थीं। उन्होंने अपना बैग और गैस चूल्हा ई-रिक्शा की छत पर रखा था। ज्वालागंज बस स्टॉप पर उतरते समय वह बैग और गैस चूल्हा ई-रिक्शा में ही भूल गईं। इसके बाद सभी लोग अपने पैतृक गांव बभनपुर थाना थरियांव जाने के लिए निकल गए। थरियांव पहुंचने पर सामान ई-रिक्शा में छूट जाने की जानकारी हुई। महिला अपने पिता के साथ कोतवाली नगर पहुंचीं और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर सामान बरामद कराने की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कोतवाली नगर पुलिस को तत्काल कार्रवाई कर सामान की बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और फुटेज के माध्यम से संबंधित ई-रिक्शा की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अथक प्रयास से शुक्रवार को करीब 11 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के पर्मा का पुरवा से बैग और गैस चूल्हा बरामद कर लिया गया। महिला ने बैग की पहचान की तो उसमें 1.10 लाख रुपये नकद, करीब 20 हजार रुपये कीमत के चांदी के आभूषण और अन्य सामान मिला। पुलिस ने नियमानुसार बरामद पूरा सामान महिला को सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार ई-रिक्शा चालक महेश पुत्र मेघनाथ निवासी पर्मा का पुरवा को ई-रिक्शा की छत पर बैग और गैस चूल्हा छूटा मिला था। वह संबंधित लोगों की तलाश कर रहा था। पुलिस के पहुंचने पर चालक ने सामान वापस कर दिया। बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आजाद कुमार यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल सनी सिंह शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment