बांदा, के एस दुबे । आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को दीवानी न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन रवाना किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षा श्रीमती अल्पना ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। प्रचार वाहन का उद्देश्य जनपद एवं तहसील स्तर पर राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार-प्रसार कर आमजन और वादकारियों को इसका लाभ दिलाना है। इस दौरान न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
12 सितंबर को होगा मामलों का निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रतिकर, भरण-पोषण, चेक बाउंस, मोटर वाहन अधिनियम, शमनीय दाण्डिक, राजस्व, चकबंदी, बैंक रिकवरी, श्रम, बीमा, बिजली, टेलीफोन तथा नगर पालिका कर सहित विभिन्न मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विधि व्यवसायियों, वादकारियों एवं आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में नियत कराकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।


No comments:
Post a Comment