बांदा, के एस दुबे । कमासिन थाना क्षेत्र के ग्राम लाखीपुर निवासी अवधेश कुमार पुत्र रामऔतार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कुछ लोगों पर गाली-गलौज करने, बोरिंग मशीन हटवाने और मकान निर्माण में बाधा डालने का आरोप लगाया है। शिकायती पत्र में अवधेश कुमार ने बताया कि उसने 11 जून 2024 को गांव के देवलाल पुत्र दुलारे से आबादी के अंदर स्थित आवासीय भूमि बैनामा के जरिए खरीदी थी। उसके अनुसार भूमि पर लगातार उसका कब्जा-दखल चला आ रहा है। आरोप है कि 21 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपनी भूमि पर
बोरिंग करा रहा था, तभी गांव के उर्मिला पत्नी रामकुमार, शिवशंकर व बबली पुत्रगण देवलाल तथा धीरज पुत्र राजबहादुर ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए बोरिंग मशीन हटवा दी और 112 नंबर पुलिस बुलाकर काम रुकवा दिया। अवधेश ने बताया कि मामले को लेकर 25 जुलाई को उपजिलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष कमासिन से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि संबंधित लोग दबंग किस्म के हैं और मकान निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। वहीं, भूमि के विक्रेता देवलाल भी उसके पक्ष में हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कराने तथा उसे अपनी भूमि पर मकान निर्माण कराने में सहयोग दिलाए जाने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment