नगर पालिका की लापरवाही पर भड़के लोग
अतर्रा/बांदा, के एस दुबे । अतर्रा नगर पालिका की कथित घोर लापरवाही के चलते क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। बारिश के बाद गंदे पानी की निकासी न होने से राजनगर वार्ड नंबर-5 और गंगेही तालाब क्षेत्र सहित नगर के कई मोहल्ले जलमग्न हो गए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा समय रहते नालों व नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई, जिसके चलते नालियों का पानी सड़कों और गलियों में फैल गया है। रास्तों और मुख्य गलियों में पानी जमा होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और
बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पानी लोगों के घरों के दरवाजों तक पहुँच गया है। जलभराव वाले इलाकों में सड़ते कचरे और रुके हुए पानी से भीषण बदबू फैल रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों और अन्य संक्रमणों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को कई बार लिखित व मौखिक रूप से नाला सफाई एवं जल निकासी दुरुस्त करने की चेतावनी दी थी, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। हालात गंभीर होने के बावजूद संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरे मामले पर मौन साधे हुए हैं। नगर पालिका द्वारा तत्काल प्रभाव से सुपर-सकर और सफाईकर्मियों की टीम लगाकर नालों की सफाई कराई जाए।जलभराव वाले मोहल्लों से पंप लगाकर पानी की तुरंत निकासी की जाए।सफाई में लापरवाही बरतने वाले जवाबदेह अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय हो।


No comments:
Post a Comment