मोहम्मदपुर गौंती में जन्माष्टमी की छठी पर सजा मेला, गूंजी भाईचारे की मिठास - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, September 9, 2026

मोहम्मदपुर गौंती में जन्माष्टमी की छठी पर सजा मेला, गूंजी भाईचारे की मिठास

हिंदू-मुस्लिम एकता की दिखी मिसाल

साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने की शिरकत

प्रेमनगर/फतेहपुर, मो शमशाद । मोहम्मदपुर गौंती गांव में जन्माष्टमी के छठी पर्व पर बुधवार को पारंपरिक मेले का आयोजन धूमधाम से किया गया। मेले में गांव के साथ आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। देर शाम तक मेले में चहल-पहल बनी रही और बच्चों से लेकर बड़ों तक ने जमकर खरीदारी व मनोरंजन किया। खास बात यह रही कि आयोजन में हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। मेले में दोनों समुदायों के लोगों ने मिल-जुलकर आगंतुकों और संभ्रांत नागरिकों का स्वागत किया। श्रद्धालुओं एवं मेले में पहुंचे लोगों को जलेबी समेत विभिन्न प्रकार का प्रसाद वितरित किया गया। लोगों ने प्रसाद ग्रहण करने के साथ एक-दूसरे

प्रसाद वितरण करते स्थानीय लोग। 

को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही यह परंपरा गांव के सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का काम कर रही है। कार्यक्रम में पत्रकारों एवं कलमकारों के संगठन साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान और प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी ने भी शिरकत की। कमेटी के सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों का माला पहनाकर एवं बैज लगाकर स्वागत किया। मेले में खिलौने, घरेलू सामान, श्रृंगार सामग्री और खान-पान समेत विभिन्न प्रकार की दुकानें व स्टॉल सजाए गए थे। बच्चों ने खिलौनों की दुकानों पर खरीदारी की तो महिलाओं और युवाओं की भी विभिन्न स्टॉलों पर भीड़ नजर आई। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने मेले का जमकर आनंद उठाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक जन्माष्टमी के छठी पर्व पर लगने वाला मोहम्मदपुर गौंती का यह मेला वर्षों पुरानी परंपरा है। हर वर्ष सभी समुदायों के लोग इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे आयोजन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के साथ ही समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर पूर्व प्रधान एवं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वली उल्लाह, पूर्व प्रधान सगीर अहमद, एडवोकेट मोहम्मद मोनिश, सुनील गौतम, अब्दुल फरह एडवोकेट, गजनफर, आवेश, ताहिर, महेश गुप्ता, शमीमुद्दीन, रामचंद्र अग्रहरि, नसीम उल्लाह, मोतसिम, मुस्ताक, फराज (गोला), हिना, मान सिंह यादव, सलामत, नियाज अहमद, गुफरान अहमद, पत्रकार, अजय भारती, विकास निषाद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages