बबेरू/बांदा, के एस दुबे । क्षेत्र के गुजेनी गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को बबेरू तहसील पहुंचकर हालिया मूसलाधार बारिश से हुए भारी नुकसान का सर्वे कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गांव की हरिजन बस्ती के घरों में पानी घुस गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थिति इतनी विकट है
कि लोग अपने घरों में भरा पानी डिब्बों और बाल्टियों के जरिए बाहर निकालने को मजबूर हैं। इसके अलावा, फौजी यादव के डेरा का संपर्क मुख्य मार्गों से पूरी तरह कट चुका है। जलभराव के चलते गांव में दर्जनों मकान ढह चुके हैं और कई अन्य मकान गिरने की कगार पर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि प्रभावित इलाकों का जल्द से जल्द सर्वे कराकर पीड़ितों को मुआवजा दिया जाए और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस आपदा से राहत मिल सके। इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में रोशन यादव, हनुमान दास, अनिरुद्ध, अजय सोनी, पवन यादव और वीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment