नेशनल ताइक्वांडो में जीता गोल्ड, अब कोरिया में दिखाएंगे दम
बांदा, के एस दुबे । बुंदेलखंड की माटी ने एक बार फिर खेल जगत में अपनी चमक बिखेरी है। बांदा के होनहार खिलाड़ी मास्टर सक्षम ठाकुर ने गुजरात के आनंद में आयोजित नेशनल ताइक्वांडो चौंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस राष्ट्रीय स्पर्धा में लगातार चार मुकाबले जीतकर सक्षम ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का लोहा मनवाया। स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही सक्षम ने इस साल नवंबर में कोरिया में प्रस्तावित एशियन ताइक्वांडो चौंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह पक्की कर ली है। सक्षम का राष्ट्रीय चौंपियनशिप तक का सफर बेहद प्रेरणादायी रहा। कानपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय ताइक्वांडो चौंपियनशिप में
अपनी प्रतिभा दिखाते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई किया था। इसके बाद गुजरात के आनंद में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने लगातार चार फाइट में विरोधी खिलाड़ियों को पछाड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सक्षम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बांदा के ताइक्वांडो प्रशिक्षक पुष्पेन्द्र विश्वकर्मा, ट्रेनर चिरंजीवी और सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स स्टेडियम की कोच कल्पना कवल ने खुशी व्यक्त की। प्रशिक्षकों ने कहा कि सक्षम के कड़े अनुशासन और नियमित अभ्यास का ही परिणाम है कि उसने राष्ट्रीय मंच पर यह मुकाम हासिल किया है। सक्षम सेंट जार्ज स्कूल के छात्र हैं। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अल्फ़्रेड रस्किन एवं शिक्षक वर्ग ने उन्हें बधाई दी और कहा कि सक्षम की यह जीत अन्य छात्रों को भी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। सक्षम के पिता व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भगत सिंह को इस गौरवपूर्ण क्षण पर विभिन्न सामाजिक व पत्रकारिता जगत के गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं दीं। वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक चित्रकूट दर्पण राजकुमार पाठक, संपादक हरीमोहन धुरिया (रोहित), पत्रकार डी.के. शर्मा, आत्माराम त्रिपाठी, लक्ष्मी त्रिपाठी, आशीष मिश्रा, बृजबिहारी बाजपेई, नीरज बाजपेई और रामरूप सिंह सहित अनेक शुभचिंतकों ने सक्षम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराने के बाद अब सक्षम की अगली चुनौती अंतरराष्ट्रीय मंच पर होगी। आगामी नवंबर में कोरिया में होने वाली एशियन ताइक्वांडो चौंपियनशिप में सक्षम भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। बांदावासियों की नजरें अब इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां सक्षम से एक और ऐतिहासिक प्रदर्शन की उम्मीद है।


No comments:
Post a Comment