बांदा, के एस दुबे । जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने और वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कालिंजर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजे का कारोबार करने वाले गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के कुशल निर्देशन में की गई इस कार्यवाही के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुनेश उर्फ मनीश पुत्र निर्भय निवासी बरुआ पुरा, थाना रक्सा, जनपद झांसी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त मुनेश अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर आंध्र प्रदेश से अवैध रूप से गांजे की खेप लाकर बांदा और
आसपास के सीमावर्ती जिलों में सप्लाई करता था। इस अवैध धंधे के जरिए अभियुक्त और उसका गैंग अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था। गैंग की अवैध गतिविधियों पर लगाम कसते हुए थाना गिरवां पर उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप अधिनियम गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया था, जिसमें अभियुक्त लंबे समय से वांछित चल रहा था। थाना कालिंजर पुलिस को मुखबिर के जरिए अभियुक्त की मौजूदगी की सटीक सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कालिंजर थाना क्षेत्र के नाला मोड़ के पास घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त मुनेश उर्फ मनीश को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त मुनेश के विरुद्ध बांदा जिले के थाना गिरवां में संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं।अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली कालिंजर थाना पुलिस टीम में दारा सिंह थानाध्यक्ष, कालिंजर, कांस्टेबल गौरव कुमार, कांस्टेबल सुशील तिवारी शामिल रहे।


No comments:
Post a Comment