देवेश प्रताप सिंह राठौर
उत्तर प्रदेश बांगरमऊ, उन्नाव। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने जिला सहकारी बैंक की स्थानीय शाखा के नवीन भवन का उदघाटन फीता काटकर किया। तत्पश्चात उन्होंने जनसभा मे सहकारिता क्षेत्र की योजनाओं और किसानों के लिए बैंकिंग सुविधाओं को विस्तार देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और इनके माध्यम से किसानों को बेहतर बैंकिंग एवं ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सभा को संबोधित करते हुए
सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकारिता केवल सरकारी योजनाओं का माध्यम नहीं, बल्कि गांव, किसान, युवा और आम आदमी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी रास्ता है। पूर्व में सहकारिता व्यवस्था ऐसे लोगों के हाथों में चली गई थी, जिनका उद्देश्य केवल व्यवस्था का दोहन करना था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता को पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक स्वरूप देने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के सामने बेरोजगारी एक बड़ी चुनौती है और इसका स्थायी समाधान सहकारिता के विस्तार में छिपा है। जब गांव-गांव सहकारी समितियां मजबूत होंगी, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे तथा किसानों को उत्पादन, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ा जाएगा। अमित शाह ने सहकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद इस क्षेत्र को नई दिशा और नए आयाम दिए हैं। हमारा लक्ष्य सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर गांव और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने का सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। पहली बार सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को सीधे खाद उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें काफी सुविधा हुई है। उन्होंने कहा कि सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर लगातार समितियों को सशक्त और पारदर्शी बनाने के लिए काम कर रहे हैं। मजबूत सहकारिता व्यवस्था किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति देगी। उन्होंने कहा, किसान सशक्त -तो भारत सशक्त। सभा को विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, क्षेत्रीय महामंत्री अवधेश कटियार, जिला अध्यक्ष अनुराग अवस्थी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष बाला राव गुप्ता आदि ने भी संबोधित किया। सभा मे विकास गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अर्जुन लालदिवाकर, विवेक पटेल, मनोज निषाद, धर्मेंद्र सिंह, धीरेंद्रसिंह, मिथिलेश जायसवाल, हाजी सलीम कुरैशी, गिरीश वर्मा, रईस खान पप्पू, रत्नाकर सिंह, मोहम्मद कामिल कुरैशी, रविंद्र कुमार, सभासद विमल शुक्ला, सभासद अवधेश तूफानी, पप्पू गुप्ता व सुरेश गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधान संघ के अध्यक्ष आईआर साहिल ने किया। अंत में कार्यक्रम के संयोजक जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह ने सभी को धन्यवाद दिया।
सभा के दौरान सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण की चेक वितरित कीं। उन्होंने लाभार्थी अमित यादव, आनंद कुमार, जगजीवन सहित अन्य लाभार्थियों को चेक सौंपते हुए कहा कि सरकार किसानों और जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
इस मौके पर सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने क्षेत्र में प्रस्तावित एवं कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के शिलापट्टों का अनावरण कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।


No comments:
Post a Comment