केन नदी पुल पर प्रेमी का हाई-वोल्टेज ड्रामा - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, September 11, 2026

केन नदी पुल पर प्रेमी का हाई-वोल्टेज ड्रामा

पुलिस ने प्रेमिका को बुलाकर बचाई जान

बांदा, के एस दुबे । मटौंध थाना क्षेत्र के अंतर्गत केन नदी पर बने भूरागढ़ रेलवे पुल पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाई-वोल्टेज ड्रामा करते हुए पुल पर चढ़ गया। प्रेमिका से शादी करने पर अड़े युवक ने उसे मौके पर न बुलाने पर नदी में कूदने की धमकी दी। पुलिस की तत्परता और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रेमिका को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरा। जानकारी के अनुसार, बांदा शहर के चमरौडी निवासी विकास शर्मा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे भूरागढ़ स्थित केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि युवक का शहर की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह उससे शादी


करना चाहता है। परिवार की ओर से शादी की सहमति न मिलने से नाराज होकर युवक ने यह कदम उठाया। पुल पर चढ़कर उसने शर्त रखी कि जब तक उसकी प्रेमिका मौके पर नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा और यदि उसे जबरन उतारने की कोशिश की गई तो वह नदी में कूद जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए पुलिस ने फौरन नदी में पुल के नीचे स्थानीय गोताखोरों और नाविकों को तैनात कर दिया। पुलिस अधिकारी लगातार दो घंटे तक युवक को समझाते-बुझाते रहे और उसका ध्यान भटकाने का प्रयास करते रहे। आखिरकार स्थिति की नजाकत को देखते हुए पुलिस की पहल पर प्रेमिका को मौके पर बुलाया गया। जैसे ही युवती पुल के पास पहुंची, युवक शांत हुआ और नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। पुलिस ने युवक को सकुशल नीचे उतारकर राहत की सांस ली और उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोगों का जमावड़ा लगा रहा। फिलहाल, पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages