चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : फरियादियों की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को जिले के थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनने के साथ ही लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय की अध्यक्षता में थाना सरधुवा में समाधान दिवस आयोजित हुआ। प्रभारी निरीक्षक सरधुवा श्रीप्रकाश की मौजूदगी में एएसपी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने समाधान दिवस से संबंधित रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए पूर्व में प्राप्त शिकायतों की
निस्तारण आख्या देखी। एएसपी ने निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का निस्तारण किया जाए, उसकी जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से दी जाए, ताकि उसे अपनी समस्या के समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से पता चल सके। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व टीम को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने तथा भूमि संबंधी विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने के निर्देश दिए।


No comments:
Post a Comment