सीपीआर प्रशिक्षण में सिखाए जिंदगी बचाने के गुर
फतेहपुर, मो शमशाद । आपात स्थिति में किसी व्यक्ति की जिंदगी बचाने के लिए समय पर उठाया गया एक कदम बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इसी उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मार्गदर्शन में पुलिस लाइंस में सीपीआर प्रशिक्षण एवं रक्तदान जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इंडियन रेडक्रास सोसाइटी, आरोग्य भारती तथा भारत विकास परिषद (ब्रह्मावर्त प्रांत) की विवेकानंद शाखा के तत्वावधान और डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजकत्व में आयोजित कार्यक्रम में आकस्मिक सेवा 112 में तैनात पुलिसकर्मियों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया। इंडियन रेडक्रास सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने पुलिसकर्मियों को सीपीआर की
![]() |
| सीपीआर प्रशिक्षण देते डा0 अनुराग श्रीवास्तव। |
तकनीक समझाते हुए बताया कि हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में तत्काल सीपीआर देकर जिंदगी बचाने की संभावना बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष तक के बच्चे में 15 बार छाती पर दबाव देने के बाद दो बार सांस देने की प्रक्रिया अपनाई जाती है, जबकि एक वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति के लिए 30 बार दबाव और दो बार सांस देने का क्रम अपनाया जाता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अक्सर दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य आपात घटनाओं के दौरान सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं, ऐसे में उन्हें सीपीआर का प्रशिक्षण मिलना किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इस दौरान रक्तदान के प्रति भी पुलिसकर्मियों को जागरूक किया गया। डॉ. अनुराग ने बताया कि 18 से 65 वर्ष तक का स्वस्थ व्यक्ति निर्धारित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से पहले हीमोग्लोबिन, रक्तचाप सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाती है और एक बार में लगभग 350 मिलीलीटर रक्त लिया जाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। अभियान का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों में तत्काल जीवन रक्षक सहायता देने के लिए दक्ष बनाना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों ने सीपीआर की प्रक्रिया को समझा और आपात स्थिति में उसके प्रभावी उपयोग की जानकारी हासिल की। कार्यक्रम में इंस्पेक्टर रमेश पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment