सड़क किनारे मौत के गड्ढे, जिम्मेदार बेखबर - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, September 9, 2026

सड़क किनारे मौत के गड्ढे, जिम्मेदार बेखबर

प्रेमनगर कस्बे में महीनों से नहीं हुई मरम्मत 

बारिश में पानी भरने से राहगीरों के लिए बढ़ा खतरा

खागा/फतेहपुर, मो शमशाद । थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। कई महीनों से सड़क के दोनों किनारों पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देती और राहगीर आए दिन इनमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कस्बे की मुख्य सड़क के दोनों ओर बने गड्ढों के कारण पैदल चलने वालों के साथ ही बाइक, साइकिल और ई-रिक्शा सवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में स्थिति और गंभीर हो जाती है। पानी भरने के कारण सड़क और गड्ढे का अंतर पता नहीं चलता, जिससे वाहन चालक अचानक गड्ढे में गिर जाते हैं। कई बार

घोस प्रेमनगर मार्ग पर गड्ढे। 

वाहन अनियंत्रित होने से हादसा होते-होते बचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे ज्यादा खतरा रात के समय रहता है, जब सड़क किनारे बने गड्ढे दिखाई नहीं देते। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी सड़क से गुजरते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। लोगों का कहना है कि कई बार दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं, जबकि कुछ वाहन गड्ढों में फंसने के कारण क्षतिग्रस्त भी हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाली की जानकारी जिम्मेदार विभाग को होने के बावजूद मरम्मत की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है और इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी। ग्रामीणों और कस्बेवासियों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों को तत्काल भरवाने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विभाग जल्द कार्रवाई कर सड़क को सुरक्षित बनाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages