चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के क्रम में साइबर जागरूकता अभियान का कार्यक्रम जेपी सिंह बालिका इंटर कॉलेज में किया गया। कार्यक्रम में डीपीओ प्रगति गुप्ता द्वारा बालिकाओं से वार्ता कर उनका कुशल-क्षेम जाना गया तथा उनको अपने अधिकार जानने एवं बाल विवाह रोकने के प्रति जागरूक किया गया। चित्रकूट पुलिस की साइबर सेल की ओर से प्रशांत कुमार ने छात्राओं को साइबर फ्रॉड सहित साइबर अपराध की जानकारी दी। ये कार्यक्रम महिला कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, पुलिस साइबर सेल और भानु प्रभात फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। आयोजित कार्यक्रम में डीपीओ प्रगति गुप्ता ने छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि आपकी या आपके आस पास कोई भी ऐसी लड़की जिसकी उम्र 18 साल से कम हो
अगर उसकी शादी हो रही हो तो आप जिम्मेदार नागरिक बनते हुए उसकी जानकारी टोल फ्री नम्बर के माध्यम से दे। अगर आप समाज हित में काम करेंगे तो आपके मन को शांति मिलेगी और गर्व महसूस होगा। उन्होंने छात्राओं को सभी सरकारी टोल फ्री नंबर और वेबसाइट याद रखकर उनका उपयोग करने को प्रेरित किया। साइबर सेल के प्रशांत कुमार ने उपस्थित बालिकाओं को बताया कि सभी थानों में महिलाओ की सुरक्षा/सहायता के लिए एक महिला हेल्पडेस्क बनाया गया है, जहाँ पर महिला पुलिसकर्मी द्वारा महिलाओं की शिकायत सुनी जाती है तथा समय से उनका निस्तारण किया जाता है। इसके साथ ही मौजूद बालिकाओं को महिला सुरक्षा सम्बन्धी चलायी जा रही हेल्पलाइन नम्बरों के सम्बन्ध में पंपलेट वितरित करते हुए विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सभी बालिकाओं को हेल्पलाइन नम्बर का निर्भीक होकर उपयोग करने हेतु तथा महिलाओ को आत्मनिर्भर बनने व निर्भीक होकर शिक्षा ग्रहण करने के लिये प्रेरित किया गया। सोशल मीडिया पर अपनी प्राइवेसी रखते हुये उसका प्रयोग करने के लिये भी कहा गया। इस मौके पर भानु प्रभात फाउंडेशन के ट्रस्टी भानू प्रताप, रोहित खरे, जेएम सिंह बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य दीक्षा सिंह, जेएम आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य अनूप श्रीवास्तव, चाइल्ड हेल्प लाइन कॉर्डिनेटर विशेष कुमार त्रिपाठी, डीएमसी हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन प्रिया माथुर, साइबर सेल से आदित्य सिंह, सुनील सिंह सहित लगभग डेढ़ सौ छात्राएं उपस्थित रहीं। बालिकाओं को 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 वीमेन हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं हेतु एम्बुलेंस, 108 सामान्य एम्बुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 101 अग्निशमन सेवा व 1930 साइबर हेल्पलाइन आदि नंबरों की जानकारी दी गई।


No comments:
Post a Comment