दीपावली मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने रात में किया निरीक्षण - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, November 7, 2026

दीपावली मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने रात में किया निरीक्षण

चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : दीपावली अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बीते शुक्रवार की रात्रि प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया, जबकि शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने रामघाट और परिक्रमा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था परखी। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बीते शुक्रवार की रात 10ः00 बजे बेड़ी पुलिया, पर्यटन तिराहा, रामघाट सहित प्रमुख मेला क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। मंदाकिनी नदी के निकट नगर पालिका की ओर से संचालित रैन बसेरे में ड्यूटि पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची


प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के ठहरने और उनकी सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। वहीं, शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने रामघाट और कामदगिरि परिक्रमा क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने रामघाट पर संभावित भीड़, आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग और पुलिस ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण किया। मंदाकिनी नदी के घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों से श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने तथा गहरे पानी की ओर न जाने के लिए जागरूक करने को कहा। एएसपी ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त, प्रभावी बैरियरिंग और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू कराने के निर्देश दिए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को लगातार निगरानी रखने तथा सभी जवानों को विनम्र व्यवहार और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages