वितरित की मिठाई, मोमबत्ती, पटाखे और नोटबुक-पेन
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि : दीपावली की खुशियां हर घर तक पहुंचाने की पहल के तहत पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह शनिवार को मानिकपुर थाना क्षेत्र के सरैंया गांव के मजरा विनय नगर, काली घाटी पहुंचे। यहां उन्होंने आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों के 50 से अधिक बच्चों के साथ दीपावली मनाई। बच्चों को मिठाई, मोमबत्ती और पटाखे बांटकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। साथ ही उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए नोटबुक और पेन भी वितरित किए। एसपी की इस पहल का उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों के बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें अपनापन महसूस कराना और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है, जहां अभी भी आर्थिक और शैक्षिक संसाधनों की कमी है। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने कहा कि शिक्षा से अर्जित ज्ञान ही व्यक्ति की असली ताकत है। बाबा साहब
डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा शेरनी का दूध है, जो इसे ग्रहण करेगा, वही आगे बढ़कर अपनी पहचान बनाएगा। बच्चों को नोटबुक-पेन देने का उद्देश्य उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करना है। इस दौरान बच्चों ने पहाड़े सुनाए। एक छोटी बच्ची ने अंग्रेजी में वन, टू, थ्री से ट्वेंटी तक गिनती सुनाकर सबका ध्यान खींचा। वहीं कक्षा छह के एक छात्र ने एसपी के सवालों के जवाब पूरे आत्मविश्वास से दिए। बच्चों की प्रतिभा देखकर एसपी ने कहा कि उचित अवसर और अच्छा वातावरण मिले तो ये बच्चे अपने गांव, समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम में गांव की महिलाएं और गणमान्य लोग भी शामिल हुए। एसपी ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और बच्चों को मन लगाकर पढ़ने तथा जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।


No comments:
Post a Comment