जसपुरा स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं के आरोप, दो कर्मचारियों पर बिना ड्यूटी वेतन लेने की शिकायत
गडरिया पीएचसी में तैनात मनीष शुक्ला और सीएचसी जसपुरा के देवकी नंदन पर लगे गंभीर आरोप
सीएमओ ने मंगलवार को तलब करने की कही बात
बांदा, के एस दुबे । जनपद के जसपुरा स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा के अंतर्गत गड़रियन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात मनीष शुक्ला पर नियमित ड्यूटी किए बिना वेतन लेने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संबंधित कर्मचारी की अनुपस्थिति के बावजूद फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराई जा रही है। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा में कार्यरत देवकी नंदन पर भी ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और कथित अवैध वसूली के माध्यम से नौकरी जारी रखने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।मामले को
लेकर समाजसेवी चंचल महाराज ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी बांदा डॉ. ब्रजेंद्र सिंह से शिकायत की तो शिकायत पर सीएमओ ने मंगलवार को संबंधित कर्मचारियों को बुलाकर मामले की जानकारी लेने की बात कही है।
वही उठ रहे कई गंभीर सवाल
इस प्रकरण के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। यदि कर्मचारी नियमित ड्यूटी नहीं कर रहे हैं तो उनकी उपस्थिति किस आधार पर दर्ज हो रही है? उपस्थिति पंजिका में दर्ज हस्ताक्षरों की जांच कब होगी? कथित अवैध वसूली के आरोपों की निष्पक्ष जांच कौन करेगा? सरकारी धन से वेतन भुगतान की जिम्मेदारी किसकी है?
पत्रकारों से भी मामले को संज्ञान में लेने की अपील
शिकायतकर्ता ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों से भी इस मामले को गंभीरता से उठाने की अपील की है। उनका कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यदि किसी प्रकार की अनियमितता हो रही है तो उसकी निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। अब निगाहें मंगलवार को होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं होती है तो प्रकरण को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आम जनता के इलाज के लिए संचालित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में यदि ड्यूटी और उपस्थिति को लेकर अनियमितताएं हो रही हैं, तो मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं कैसे मिलेंगी? संबंधित कर्मचारियों का पक्ष आने पर उनका भी पक्ष प्रमुखता से प्रकाशित की जाएगा।


No comments:
Post a Comment