महिला अपराधों को पुलिस अधिकारी गम्भीरता से लें - डीआईजी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Friday, August 30, 2019

महिला अपराधों को पुलिस अधिकारी गम्भीरता से लें - डीआईजी

पांच साल पुराने नकबजनी गैंग को चिन्हित किया जाये-केपी सिंह 

फतेहपुर, शमशाद खान । इलाहाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कवीन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सभी जगहों से न्याय न मिलने के बाद महिला पुलिस के पास इंसाफ के लिए आती है। इसलिए महिलाओं के मामलों को सिर्फ पारिवारिक मामला समझकर टरकाया न जाये बल्कि ऐसे मामलों को गम्भीरता से लेकर मुकदमा तत्काल दर्ज किये जायें। उन्होने नकबजनी की घटनाओं को रोकने के लिए एसपी को निर्देशित किया कि पांच साल पुराने नकबजनी गैंग को चिन्हित करने का काम शुरू कर दें। बच्चा चोर की अफवाहों पर कहा कि पुलिस जानकारी मिलते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। 
पत्रकारों से बातचीत करते डीआईजी कवीन्द्र प्रताप सिंह।  
शुक्रवार को एक दिवसीय भ्रमण पर यहां आये पुलिस उपमहानिरीक्षक कवीन्द्र प्रताप सिंह ने पुलिस लाइन व पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से कहा कि रेंज में सभी प्रकार के अपराधों में कमी आयी है। उन्होने बच्चा चोर के मच रहे हल्ला-गुल्ला पर कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर रोकथाम करे। ताकि कोई निर्दोष व्यक्ति भीड़ का शिकार न हो सके। उन्होने महिला अपराधों पर चर्चा करते हुए कहा कि महिला को जब कहीं से भी न्याय नहीं मिलता तो वह सहारे के लिए पुलिस के पास आती है। इसलिए पुलिस महिला अपराधों को गम्भीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करे। जिले में बढ़ रही चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर पत्रकारों द्वारा पूछे गये सवालों का जवाब देते हुए डीआईजी ने कहा कि नकबजनी की घटनाएं बरसात के मौसम में इसलिए होती हैं कि दीवारें पानी से नम हो जाती हैं और चोर आसानी से नकब काट लेते हैं। इस पर रोकथाम के लिए श्री सिंह ने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि वह पांच साल पुराने नकबजनी गैंग को चिन्हित कर लें। चिन्हीकरण से इन घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। तत्पश्चात डीआईजी ने थाना प्रभारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए शासन की मंशा से अवगत कराया। उन्होने कहा कि अपराध हर हाल में नियंत्रित होने चाहिए। घटनाओं का खुलासा भी होना चाहिए। उन्होने लम्बित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने की हिदायत दी। डीआईजी ने कहा कि पुलिस थाने पर आने वाले फरियादियों से अच्छा व्यवहार करे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक रमेश, सभी पुलिस उपाधीक्षक, प्रतिसार निरीक्षक, एलआईयू इंस्पेक्टर के अलावा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। 

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages