तत्काल समस्याओं का निस्तारण किये जाने के आश्वासन पर धरना समाप्त
फतेहपुर, शमशाद खान । मलवां विकास खण्ड के अन्तर्गत सौंरा, अल्लीपुर व कोराई फीडर के अन्तर्गत आने वाले गांवों में व्याप्त विद्युत समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अधीक्षण अभियन्ता प्रथम कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। धरने में किसान नेताओं का कहना रहा कि बिजली किल्लत के चलते किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यदि मांगे पूरी न की गयी तो बड़ा आन्दोलन किया जायेगा। अधीक्षण अभियन्ता ने किसानों को आश्वासन दिया कि तत्काल उपकेन्द्रों से सम्बन्धित समस्याओं का निस्तारण कराने का प्रयास किया जायेगा। जिसके बाद भाकियू ने धरना समाप्त कर दिया।
| एक्सईएन कार्यालय का घेराव करते भाकियू कार्यकर्ता। |
भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह की अगुवई में पदाधिकारी व किसान विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियन्ता प्रथम कार्यालय पहुंचे। जहां विद्युत की समस्याओं को लेकर कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि मलवां विकास खण्ड के सौंरा, अल्लीपुर व कोराई फीडर में इन दिनों की बिजली की घोर किल्लत है। दो दिन में एक दिन ही विद्युत आपूर्ति की जाती है। जिससे किसानों की फसलों को सिंचाई करने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत न मिलने के कारण इस भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भी दिक्कते उठानी पड़ रही हैं। बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ महिलाओं को भी बिना विद्युत जीवन व्यतीत करना पड़ रहा है। आये दिन होने वाले फाल्टों के चलते प्रतिदिन आपूर्ति नहीं मिल पाती। इतना ही नहीं पावर हाउसों के कर्मचारी भी अपनी मनमानी पर उतारू हैं। कई कई दिन फाल्ट दुरूस्त नहीं किये जाते। किसानों ने कहा कि यदि समस्याएं शीघ्र निस्तारित न की गयी तो बड़ा आन्दोलन किया जायेगा। धरने की जानकारी मिलने पर अधीक्षण अभियन्ता प्रभाकर पाण्डेय कार्यालय पहुंचे और किसान नेताओं से वार्ता की। उन्होने पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही उपकेन्द्रों से सम्बन्धित समस्याओं को दूर कर निर्वाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जायेगी। आश्वासन के पश्चात भाकियू ने धरना समाप्ति की घोषणा कर दी। इस मौके पर सुरेन्द्र सिंह, प्रीतम सिंह, नवल सिंह, सुक्खीराम, नवल शुक्ला, अरविन्द सिंह पटेल, देवराज वर्मा आदि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment