एसडीएम के माध्यम से सीएम को भेजा पांच सूत्रीय ज्ञापन
फतेहपुर, शमशाद खान । कन्नौज के लेखपालों पर जानलेवा हमला करने एवं महिला लेखपाल से दुव्र्यवहार करने वाले अधिवक्ताओं के प्रति स्थानीय लेखपालों में जहां आक्रोश है वहीं जिलाधिकारी एवं पुलिस की लापरवाही पर भी लेखपालों में नाराजगी है। अधिवक्ताओं के विरूद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर लेखपालों ने बुधवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। जिसके चलते राजस्व विभाग का कामकाज पहले दिन ही बुरी तरह प्रभावित हुआ। चेतावनी दी गयी कि न्याय मिलने तक धरना-प्रदर्शन व आन्दोलन जारी रहेगा। पहले दिन मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया।
| तहसील में धरना देते लेखपाल। |
सदर तहसील उप शाखा के अध्यक्ष रामनरेश निषाद की अध्यक्षता में कार्य बहिष्कार किया गया। अध्यक्ष ने बताया कि बीस सितम्बर को कन्नौज जनपद की छिबरामऊ तहसील में अधिवक्ता देवेन्द्र कुमार राजपूत द्वारा ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र पर जबरन रिपोर्ट लगाने का दबाव महिला लेखपाल पर बनाया गया। रिपोर्ट न लगाने पर उससे मारपीट की गयी। बचाव में आयी साथी महिला लेखपाल के साथ भी दुव्र्यवहार किया गया। इतना ही नहीं सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं ने तहसील में मौजूद लेखपालों पर हमला करके मारपीट की। इतना ही नहीं चार-पांच घण्टे तक सभी को तहसील सभागार में बंधक बनाकर रखा। उत्पीड़न के बावजूद लेखपालों की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी बल्कि अधिवक्ताओं की ओर से मुकदमा लेखपालों के खिलाफ दर्ज करा दिया गया। तमाम जद्दोजहद के बाद लेखपालों की ओर से एफआईआर दर्ज कर ली गयी लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गयी। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लेखपालों ने धरना शुरू कर दिया है। पांच सूत्रीय ज्ञापन में दोषी अधिवक्ताओं को गिरफ्तार करने, ऐसे अधिवक्ताओं का बार कौंसिल से लाइसेंस निरस्त कराने, अधिवक्ताओं की झूठी एफआईआर को निरस्त कराने, डीएम व एसपी पर कार्रवाई करते हुए तत्काल हटाने तथा आत्मरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइसेंस के इच्छुक लेखपालों को उप जिलाधिकारी की संस्तुति पर सीधे शस्त्र लाइसेंस मुहैया कराये जायें। संचालन की जिम्मेदारी मंत्री राजाराम ने निभाई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कंधईलाल, जिला मंत्री वीरेन्द्र सिंह, सूर्यबली, चिन्तारमण, भोला प्रसाद, कु0 कल्पना देवी, सत्यपाल गुप्ता, अशोक कुमार तिवारी के अलावा राजस्व निरीक्षक अनवर हुसैन सिद्दीकी, ज्ञान सिंह आदि ने भी धरने को सम्बोधित किया।

No comments:
Post a Comment