अपात्रों को नहीं मिलना चाहिए योजनाओं का लाभ: राज्यमंत्री - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Wednesday, September 18, 2019

अपात्रों को नहीं मिलना चाहिए योजनाओं का लाभ: राज्यमंत्री

विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में मंत्री ने दिए निर्देश 
अन्ना प्रथा को रोकने के लिए विभिन्न विभागों से लिया जाए सहयोग 
विद्युत दुर्घटना से प्रभावित व्यक्ति के आश्रितों को समय से दी जाए सहायता 

बांदा, कृपाशंकर दुबे । प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों को ही प्रदान कराया जाए। यदि कहीं अपात्र लाभार्थियों को आवास प्रदान किये गये हैं तो ऐसे व्यक्तियों से अनुदान की राशि की वसूली कराई जाए। सम्बन्धित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए। राज्यमंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान/प्रभारी मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने यह निर्देश विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई जाए ताकि 
बैठक में मौजूद अधिकारीगण 
अपात्र लाभार्थियों को चिन्हित किया जा सके। 
राज्यमंत्री राजपूत ने उप जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की मृत्यु होने पर अविवादित प्रकरणों में लेखपाल एक सप्ताह में वरासत दर्ज करना सुनिश्चित करें। जो लेखपाल समय से वरासत नही दर्ज कर रहे हैं। ऐसे लेखपालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान योजना का लाभ किसानों को समय से प्रदान कराया जाए तथा फसल बीमा योजना का प्रचार-प्रसार कर इस योजना का लाभ भी किसानों को प्रदान कराया जाए। राज्यमंत्री श्री राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्नाप्रथा को प्रभावी रूप से रोकने के लिए विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाए तथा जो किसान अन्ना पशुओं को पालने के इच्छुक हों, उन्हें शासन द्वारा प्रदत्त धनराशि का भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में आवास व शौचालयों हेतु पात्र लाभार्थियों का सत्यापन राजस्व विभाग से कराया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि आयुष्मान योजना के अन्तर्गत पात्र व्यक्तियों को गोल्डन कार्ड जारी किए जाने के कार्य में तेजी लायी जाए तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तिन्दवारी की व्यवस्था में सुधार किया जाए।
राज्यमंत्री श्री राजपूत ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत दुर्घटना से प्रभावित व्यक्तियों के आश्रितों को समय से सहायता प्रदान करायी जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत (मीटर) के बैठक में उपस्थित न होने पर नाराजगी व्यक्त की तथा स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। श्री राजपूत ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि राशन कार्डों की फीडिंग का कार्य प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को निजी नलकूपों हेतु विद्युत कनेक्शन समय से प्रदान किए जायें। कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए राज्यमंत्री श्री राजपूत ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गम्भीर अपराधों के प्रकरणों में अपराधियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्यवाही की जाए तथा ऐसे प्रकरणों में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को शीघ्र सजा दिलायी जाए। सांसद बांदा-चित्रकूट आरके सिंह पटेल ने कहा कि शौचालयों के निर्माण में तेजी लायी जाए तथा अन्नाप्रथा को रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी ने जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा राशन कार्डों की फीडिंग में अनिमितता की शिकायत की। उन्होंने कहा कि आपूर्ति विभाग अपनी कार्य प्रणाली में सुधार लाये जिससे गरीबों को कठिनाई न हो। विधायक तिन्दवारी बृजेश कुमार प्रजापति ने कहा कि जो सफाई कर्मचारी अधिकारियों के कार्यालय/घरों में सम्बद्ध है, उन्हें वहां से हटाकर सफाई कार्य में लगाया जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष लवलेश सिंह ने कहा कि सांप के काटने से मरने वाले व्यक्यिों के आश्रितों को समय से सहायता राशि नही प्रदान की जा रही है। समय से सहायता राशि प्रदान करायी जाए।
जिलाधिकारी हीरा लाल ने कहा कि अन्नाप्रथा को दूर करने में जनप्रतिनिधि भी अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मंत्री जी द्वारा जो निर्देश दिए गये हैं उनका अनुपालन कराया जायेगा। उन्होंने बैठक के अन्त में मंत्री जी तथा जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक गणेश साहा ने कानून व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि गुड मार्निंग पुलिस व्यवस्था जनपद में लागू की गई है। उन्होंने बताया कि वाहन दुर्घटना तथा अपराधों में कमी आयी है। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संजीव बघेल ने किया। बैठक में महिला आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता, महामंत्री भाजपा प्रेम नारायण द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी हरिश्चन्द्र वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संतोष कुमार, अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक लाल भरत कुमार पाल, परियोजना निदेशक डीआरडीए आरपी मिश्र, नगर मजिस्टेªट प्रदीप कुमार, उप निदेशक सूचना भूपेन्द्र सिंह यादव, सभी उप जिलाधिकारी तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages