पड़ताल कर आयुक्त, डीआईजी, डीएम, एसपी ने की बातचीत
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि। जनपद के भरतकूप स्थित क्रेशर उद्योग में मजदूरी करने वाली कोल आदिवासियों की नाबालिग लड़कियों ने मजदूरी पाने के लिए खदान संचालक व उनके गुर्गों पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। प्रशासन को जब इस घटना की जानकारी मिली तो कमिशनर, डीआईजी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक देर रात जांच पड़ताल को पहुंचे। हालाकि मीडिया में खबर आने के बाद दबाव के चलते पीड़ितो ने बयान बदल दिया है।
गौरतलब हो कि भरतकूप थाना क्षेत्र के क्रेशर में मजदूरी करने वाली कोल आदिवासियों की कुछ नाबालिग लड़कियों का वीडियो वायरल हुआ। जिसमें उन्होंने ठेकेदार व गुर्गों पर खदान में यौन शोषण का आरोप लगाते हुए बताया कि लॉक डाउन में मजदूरी के बहाने बुलाकर जबरन यौन शोषण किया गया है। इतना ही नही गुर्गे भी लड़कियों को अपना शिकार बनाते थे। पीड़ितों ने वायरल हुए वीडियो में यह भी बताया कि उनकी माँ अगर काम करने जाती थी तो उनको भगा दिया था। गुर्गों द्वारा धमकी दी जाती थी कि अगर इस बात को कहीं बताया तो जान से मार देंगे। पीड़ित नाबालिग किशोरियों की माँ ने यह भी बताया कि लड़कियों की कमाई से ही घर चलता था। लॉक डाउन में तो उनके पास कही काम भी नही था। दो वक्त की रोटी के लिए कुछ तो उनको इंतजाम करना ही था। वही जब इस पूरे मामले की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को लगी तो देर रात भरतकूप के गोड़ा गांव, डफाई व नई बस्ती में मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी शेषमणि पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ,भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। सूत्रों की माने तो पीड़ितों पर मुह न खोलने का दबाव बनाया जा है।
![]() |
| पत्रकारों से रूबरू होते डीएम, एसपी। |
डीएम ने गठित की छह सदस्यीय टीम
चित्रकूट। यौन शोषण की पीड़िताओं के बयान का वीडयो वायरल होने पर बुधवार को जिलाधिकारी शेषमणि पाण्डेय कलेक्ट्रेट में पत्रकारों से रूबरू हुए। बताया कि मामले में सदर एसडीएम अश्वनी कुमार पांडेय की अध्यक्षता में छह सदस्यीय टीम बनाकर मजिस्ट्रियल जांच कराई है। उन्होंने बताया कि अभी जांच में कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आये हैं। जांच चल रही है। मामले में दोषी किसी भी दशा में बख्शे नही जाएगें।
न्याय न मिला तो कांग्रेस करेगी आंदोलन
चित्रकूट। कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष कुशल सिंह पटेल एडवोकेट ने बताया की भरतकूप की नाबालिग लडकियों के यौन शोषण के संबंध में न्यूज चैनल में जो कहा गया है अगर इस तरह की घटना हुई है तो बहुत ही निंदनीय है। जिला प्रशासन को उच्च स्तरीय जांच कराकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का कार्य किया जाना चाहिए। अन्यथा की दशा में कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक घटना को लेकर लड़ाई लड़ेगी।
घटना निंदनीय, सीबीआई जांच की मांग
चित्रकूट। भाकपा के जिला सचिव अमित यादव ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है। बावजूद इसके बेटियो, महिलाओं के शारीरिक शोषण के मामले प्रकाश में आ रहे हैं। बताया कि महिला मजदूरों के दम पर ही खदाने चल रहीं हैं। जिनका शोषण निंदनीय है। ऐसे असामाजिक कृत्यों पर प्रशासन मूकदर्शक है। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण के मामले में भी जांच निष्क्रिय हैं। जिसके चलते स्थानीय निवासी गंभीर बीमारी से ग्रसित हो रहे हैं। मांग किया कि मामले की सीबीआई जांच होना चाहिए। चेताया कि अगर गंभीरता से प्रशासन ने मामले को नहीं लिया तो पार्टी जनांदोलन को बाध्य होगी।
धार्मिक क्षेत्र को बदनाम करने की कोशिश
चित्रकूट। भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश खरे ने भरतकूप में नाबालिग लडकियों के साथ यौन शोषण के मामले में कहा कि चित्रकूट धार्मिक क्षेत्र है। इसे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। क्षेत्र का क्रेशर व्यवसाय बड़ा कारोबार है। अभी तक ऐसी कोई घटनाएं नहीं आई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर यौन शोषण की बात प्रकाश में आई है तो इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही होना चाहिए।
परिवार से मिलने न दिया तो देंगे धरना
चित्रकूट। सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, लेकिन सुरक्षित नहीं है। घटना को छिपाने के लिए पीड़ित परिवार से मिलने नहीं दिया जा रहा। चेताया कि 24 घंटे में अगर परिवार को सामने न लाया गया तो पार्टी धरना प्रदर्शन को बाध्य होगी।


No comments:
Post a Comment