व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की प्रगति धीमी पाये जाने पर जताई नाराजगी
हस्वा-फतेहपुर, शमशाद खान । मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश द्वारा लगातार ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया जा रहा है। रविवार को उन्होने हस्वा विकास खण्ड की ग्राम पंचायत रामपुर थरियांव का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की प्रगति धीमी पाये जाने पर नाराजगी का इजहार करते हुए जल्द ही कार्य को पूरा करने की हिदायत दी।
 |
| निरीक्षण के दौरान शौचालय का निर्माण कार्य देखते सीडीओ। |
मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश विकास खण्ड हस्वा के ग्राम पंचायत रामपुर थरियांव का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। ग्राम पंचायत में चल रहे सफाई अभियान, सामुदायिक शौचालय एवं व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। सामुदायिक शौचालय का निर्माण लगभग पूर्ण होने की स्थिति में पाया गया लेकिन व्यक्तिगत शौचालयों के निर्माण की प्रगति अत्यंत धीमी पायी गयी। जिसके लिए संबंधित सचिव एवं एडीओ पंचायत को कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए चेतावनी दी गयी। सीडीओ ने कहा कि वर्तमान समय में संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। इसलिए विशेष संचारी रोग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होने कहा कि ग्राम की प्रत्येक दिन साफ-सफाई कराई जाये। कूड़ा करकट के ढेर न लगने पायें। उन्होने कहा कि यदि सफाई कर्मी लापरवाही करे तो इसकी जानकारी उन्हें दी जाये। ऐसे सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। तत्पश्चात सीडीओ ग्राम पंचायत असवां बक्सपुर स्थित गोआश्रय स्थल पहुंचे। जहां स्टॉक रजिस्टर एवं ओपीडी रजिस्टर का निरीक्षण किया। गोआश्रय स्थल की व्यवस्था संतोषजनक पायी गयी। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment