पीस कमेटी बैठक में कोरोना से बचाव, जांच को लेकर हुई चर्चा
कोंच(जालौन), अजय मिश्रा । आगामी 1 अगस्त को मनाये जाने वाले बकरीद पर्व को लेकर सोमवार को कोतवाली में एसडीएम अशोक कुमार की अध्यक्षता एवम तहसीलदार राजेश विश्वकर्मा, सीओ राहुल पांडेय, नायब तहसीलदार संजय कुमार, प्रभारी निरीक्षक इमरान खान की उपस्थिति में पीस कमिटी की बैठक संपन्न हुई जिसमें उपस्थित मुस्लिम धर्म गुरुओं ने पर्व के मौके पर बिजली, पानी की निर्बाध रूप से आपूर्ति किये जाने, आवारा विचरण करने वाले सुअरों पर रोक लगाये जाने एवम साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखे जाने की मांग की।
एसडीएम ने संबंधित विभागों के स्थानीय अधिकारियों को उक्त व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत पर्व मनाते समय सोशल डिस्टेंस का पालन अवश्य करें व मास्क लगायें। एसडीएम ने कहा की पर्व घर पर ही मनायें और सार्वजनिक स्थान पर भीड़ इकट्ठा ना करें। उन्होंने कहा कि धर्मगुरु मस्जिदों से लाउडस्पीकर के माध्यम से मस्जिदों में लोगों के न आने के लिये प्रचार करें व पर्व पर प्रतिबन्धित जानवरों की कुर्बानी किसी भी कीमत पर न करने के लिये लोगों को प्रेरित करें साथ ही
खुले स्थान पर जानवरों की कुर्बानी एवं मांस का आदान प्रदान करने से बचें। एसडीएम ने कहा की मस्जिद के अन्दर सिर्फ 5 लोग ही नमाज अदा कर सकेंगे। वहीं 3 अगस्त को आखिरी सोमवार रक्षाबन्धन पर्व को लेकर भी एसडीएम ने मस्जिदों की तरह ही मन्दिरों के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये। सीओ ने इस दौरान सामाजिक सदभावना के साथ बकरीद एवम रक्षाबन्धन पर्व मनाने की क्षेत्रवासियों से अपील की। सीओ ने कहा कि पर्व पर शान्ति व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी जिसके लिये पुलिस की तैनाती की जायेगी। वहीं कोरोना संक्रमण को लेकर एसडीएम ने कहा की कोंच सहित नदीगांव, पिण्डारी में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर लोग अपनी कोरोना की जांच करा सकते हैं और रिपोर्ट भी 2 घण्टे के अन्दर मिल सकेगी।बैठक में क्राइम इंस्पेक्टर उदयभान गौतम, उप निरीक्षक संजीव कटियार, मदन पाल, पालिका ईओ बुद्धिप्रकाश, आरआई सुनील कुमार, भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील लोहिया, विहिप अध्यक्ष साकेत शांडिल्य, अब्दुल समद खाँ, सभासद महावीर यादव, अनिल पटैरिया, अमित उपाध्याय, गल्ला व्यापार समिति अध्यक्ष अजय रावत, साकेत सोनी आदि गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
![]() |
| पीस कमेटी की बैठक में उपस्थित अधिकारी व जनता। |


No comments:
Post a Comment