कलेक्ट्रेट समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग्स लगा फीस माफी की उठायी आवाज
फतेहपुर, शमशाद खान । देश समेत पूरे प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के चलते बिगड़ी अर्थव्यवस्था के बीच छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए समाजवादी पार्टी छात्र सभा ने एक नया अभियान छेड़ दिया है। राष्ट्रीय नेतृत्व के आहवान पर छात्र सभा ने कलेक्ट्रेट समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग्स लगाकर नो फीस केजी टू पीजी का संदेश मुख्यमंत्री तक पहुुंचाने का काम किया। सपाईयों ने फीस माफ किये जाने की प्रदेश सरकार से मांग उठायी है।
समाजवादी पार्टी छात्र सभा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सऊद अहमद ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों की संपूर्ण व्यवस्था बाधित है। लोगों का आर्थिक एवं सामाजिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। खासकर देश के मध्यम एवं निम्न वर्गों (गरीब, किसान, व्यापारी, मजदूर, एवं प्राइवेट नौकरी पेशा वाले) की आर्थिक व्यवस्था चैपट हुई है। कोरोना महामारी के कारण प्रारंभिक कक्षाओं से लेकर उच्चतर स्तर तक की कक्षाओं का संचालन पूर्णतयः बन्द है। करोड़ों छात्र-छात्राएं घरों के अंदर कैद हैं। जिसका गंभीर दुष्प्रभाव उनके शैक्षणिक सत्र पर पड़ रहा है। ऑनलाइन शिक्षण कार्य भी तकनीकी कठिनाइयों के कारण उपयोगी नहीं साबित हुआ है। अभी
कोरोना महामारी का प्रकोप कम होने के बजाय लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में करोड़ों छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। कोरोनाकाल में शिक्षण संस्थाओं के बंद होते हुए भी छात्र-छात्राओं से वर्तमान सत्र एवं छात्रावास की फीस का भुगतान संबंधी आदेश संवेदनहीन एवं अमानवीय है। जहां एक तरफ प्रदेश व देश की जनता अपनी व्यक्तिगत समस्याओं से जूझ रही है वहीं दूसरी तरफ सरकार और शिक्षण संस्थानों के ऐसे अमानवीय आदेश उनके ऊपर कहर बनकर टूट रहे हैं। सबका साथ और सबका विकास का नारा देने वाली भाजपा सरकार कोरोना वायरस को भी अवसर के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होने कहा कि कोविड-19 की वजह से जनता के जीवन में उत्पन्न समस्याओं का समाधान करने के बजाए सरकार फीस वसूली के माध्यम से अभिभावकों का उत्पीड़न करना चाहती है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी छात्रसभा लगातार केजी से पीजी तक की कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सम्पूर्ण फीस माफी के लिए आवाज बुलंद कर रही है। उन्होने बताया कि तमाम छात्र-नौजवानों एवं पदाधिकारियों द्वारा जनपद के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स लगाकर सरकार के फीस सम्बन्धी फैसले का विरोध किया जा रहा है इसके बावजूद भी प्रदेश सरकार अपने इस तानाशाही फैसले को वापस नहीं लेती है तो मजबूरन समाजवादी छात्रसभा लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को धार देने का काम करेगी।
![]() |
| कलेक्ट्रेट गेट पर लगी फीस माफी की होर्डिंग। |


No comments:
Post a Comment