सदर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में अखंड रामचरित मानस पाठ शुरू
बांदा, के एस दुबे । अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण भूमि पूजन के लिए भले ही अब कुछ घंटे ही बाकी बचे हों लेकिन लोगों में इसका उत्साह पहले से ही नजर आ रहा है। पूरे जिले में भी राम मंदिर भूमि पूजन की तैयारियां पूरी कर ली गईं सदर विधान सभा क्षेत्र में रामजन्म भूमि पूजन की तैयारियां ज्यादा नजर आ रही हैं। सदर विधायक की अगुवाई में शहर समेत विधान सभा क्षेत्र से जुड़े हरेक गांव में अखंड रामचरित मानस का पाठ शुरू हो गया। पूरा शहर भगवामय नजर आ रहा है। लगभग एक सैकड़ा मंदिरों में रामचरित मानस की चैपाइयां गूंज रही हैं।
अयोध्या में पांच अगस्त (बुधवार) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे। राम मंदिर निर्माण शुरू होने पर यहां भी लोगों में उत्साह नजर आ रहा है। जिले के साथ पूरा शहर भगवा रंग में सज कर तैयार हो गया। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के नेतृत्व में सदर विधान सभा क्षेत्र समेत जिले के लगभग आधा सैकड़ा गांवों के मंदिरों में भूमि पूजन से पूर्व मंगलवार को अखंड रामायण पाठ का सिलसिला शुरू हो गया। गांवों
और शहर के सभी मंदिरों में रामचरित मानस पाठ की गूंज सुनाई दे रही है। शहरी क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों महेश्वरी देवी, सिंहवाहिनी, चैसठ जोगिनी, काली देवी, महामाई, संकट मोचन, जमुनादास का महावीरन समेत 21 मंदिरों में मंगलवार से अखंड रामायण पाठ शुरु हो गया। बुधवार को अखंड रामचरित मानस पाठ का समापन होगा। भाजपाइयों के जत्थों ने शहर के कई इलाकों का भ्रमण करते हुए लोगों के बीच भगवा झंडे बांटे और तमाम लोगों के घरों की छतों पर भगवा झंडे लगाए। जत्थे में शामिल विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ, पुष्कर द्विवेदी, अनुराग चंदेरिया समेत तमाम भाजपा नेताओं ने शहर के कई इलाकों का भ्रमण करते हुए भगवा झंडे वितरित किए। इसके अलावा विधान सभा क्षेत्र के गांवों को भी भगवामय बनाने की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। गांवों में भी अखंड रामायण पाठ का सिलसिला लगातार जारी है।
![]() |
| महेश्वरी मंदिर के पास भ्रमण करते भाजपाई |


No comments:
Post a Comment