वर्दी में शराब पीते हुए वीडियो वायरल होने पर दारोगो ने महकमे की फजीहत कराई थी, अब दूसरे दिन ही एक सिपाही का गाली गलौज करते हुए वीडियो ने मित्र पुलिस की छवि पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। गाली गलौज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही अफसरों ने संज्ञान लिया है और प्रथम दृष्टया सिपाही को लाइन हाजिर करते हुए विभागीय कार्रवाई के लिए प्रकरण की जांच शुरू कराई है।
कानपुर कार्यालय संवाददाता:- बाबूपुरवा थाने के एक सिपाही का गाली गलौज वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, इसमें सिपाही सार्वजनिक रूप से भद्दी भद्दी गालियां दे रहा हैं। सिपाही लोगों के आसपास जाकर अपशब्द बोल रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने उसे ट्वीट करके पुलिस के रवैये की निंदा भी की है। इसका संज्ञान लेकर पुलिस अफसरों ने सीओ से जांच रिपोर्ट तलब की थी। इसपर सीओ की जांच रिपोर्ट के बाद अफसरों ने प्राथमिक कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम पर देर रात मुंशीपुरवा दुकान खुली होने की सूचना पर जेब्रा में तैनात सिपाही आकाश व अन्य पुलिसकर्मी के साथ घटनास्थल गया था। दुकान बंद कर कराने को लेकर व्यापारी व सिपाही आमने सामने आ गए। इसके बाद भीड़ जुटने लगी और सिपाही से नोकझोंक शुरू हो गई। इस दौरान आकाश ने व्यापारियों से गाली गलौज कर दी। पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया। सीओ बाबूपुरवा आलोक सिंह ने बताया कि सिपाही आकाश को लाइन हाजिर करने के साथ विभागीय कार्यवाही की जाएगी।


No comments:
Post a Comment