रोष व्यक्त करते हुए तीन दिन के अल्टीमेटम के साथ पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन
भोपाल, अंकित जैन - मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चौथे कार्यकाल में नीमच जिले की कानून व्यवस्था बिगड़ने लगी है। तस्करों के हौसले बुलंद हो रहे हैं । तस्कर इस स्तर पर पहुंच चुके हैं कि वह अब चौथे स्तंभ पत्रकारों पर हमला करने लगे हैं, धमकियां देने लगे हैं, बेहिचक बिना नंबर की काले कांच वाली गाड़ियों में घूमने लगे हैं। वहीं पुलिस कानून व्यवस्था से ज्यादा एनडीपीएस के मामलों में रुचि लेने लगी है इसी के कारण कानून व्यवस्था ज्यादा बिगड़ती चली जा रही है। शहर के बीचो-बीच से पत्रकार को टक्कर मारकर अपहरण करते हुए मारपीट करना और उसके बाद हाईवे पर ले जाकर गाड़ी से फेंक देना जघन्य घटना है। मामले को लेकर पत्रकारों में खासा आक्रोश है, घटना हुई है पत्रकार विष्णु मीणा के साथ जिन्हें बीती रात्रि करीब 1:00 बजे शहर के मध्य स्थल नूतन स्कूल के समीप एक सफेद कलर की बिना नंबर की स्कार्पियो गाड़ी ने टक्कर मारी और उन्हें स्कॉर्पियो में धकेल कर मारपीट की पश्चात फोरलेन बाईपास के यहां पटक कर चले गए। जबकि कोरोना संकट काल में मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का दावा है कि पुलिस व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त है लगातार गस्त की जाती है बावजूद इसके रात्रि में इस तरह की घटना होना निंदनीय है। पुलिस गश्त, चौकसी और चेकिंग के नाम पर केवल औपचारिकता निभा रही है। नीमच जिले की पुलिस में पत्रकारों के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना भी घटती जा रही है। इसी के चलते अपराधिक तत्वों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। बीती रात्रि को हुई घटना के चलते पत्रकारों में खासा आक्रोश है और इस आक्रोश के साथ आज पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय को ज्ञापन सौंपा । पश्चात पत्रकार एकत्रित होकर शिवराज सरकार के प्रतिनिधि और नीमच के विधायक दिलीप सिंह परिहार के घर पहुंचे जहां उन्होंने नीमच जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश व्यक्त भी किया और विधायक से नीमच पुलिस की कार्यप्रणाली को विधानसभा में उठाने की मांग की। साथ ही पत्रकारों ने विष्णु मीणा मामले में 3 दिन के भीतर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया अन्यथा पत्रकार गण आगामी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष विष्णु परिहार ने पुलिस अधीक्षक और विधायक दिलीप सिंह परिहार से मामले को गंभीरता से लेकर सख्त कार्रवाई करने की अपील की। ज्ञापन का वाचन पूर्व अध्यक्ष कपिल सिंह चौहान ने किया ज्ञापन सौंपने के दौरान सचिव भारत सोलंकी, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सह सचिव ललित सिंह चुंडावत, कार्यकारिणी सदस्य विकास राव, पूर्व अध्यक्ष हरीश, श्याम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार गण मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment