हमीरपुर, महेश अवस्थी । असंगठित क्षेत्र से जुड़े कामगारों के लिए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई अटल पेंशन योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। इस योजना में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए इंडियन बैंक व कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) द्वारा जिले के गांवों में लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
इंडियन बैंक के मंडल प्रमुख रणंजय सिंह बताया कि अटल पेंशन योजना से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के लिए 14 अगस्त को "फाइनेंसियल फ्रीडम फाइटर" कैंपेन शुरू किया गया । 29 सितंबर को समाप्त होने वाले इस अभियान से ज्यादा से ज्यादा आम जनों को जोड़ने के लिए बैंक की सभी शाखाओं एवं बैंक से जुड़े सभी बैंक मित्रों द्वारा गांव गांव जाकर अटल पेंशन योजना का लाभ बताने के साथ ही उनका रजिस्ट्रेशन भी कराया गया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मौदहा विकासखंड के रीवन गांव में इंडियन बैंक व सीएससी की ओर से कैंप लगाया गया और आमजन को अटल पेंशन योजना के बारे मे बताया गया। उन्होंने बताया कि सीएससी के यूपी हेड मनदीप सिंह व जोनल मैनेजर नीरज तिवारी व बैंक मित्र सनद त्रिपाठी ने अटल पेंशन योजना के फायदे लोगों को बताए। उन्होंने कहा कि अटल पेंशन योजना केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई एक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसका लक्ष्य भारत के सभी नागरिकों को 60 वर्ष की आयु के बाद एक निर्बाध आय उपलब्ध कराना है। यह राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) के फ्रेमवर्क पर आधारित है।


No comments:
Post a Comment