हवाओं के बदले रूख ने हालत की खस्ता, पारा 41 पार - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, May 25, 2024

हवाओं के बदले रूख ने हालत की खस्ता, पारा 41 पार

सुबह आठ बजे से ही बरसने लगती आग, इंसानों के साथ बेजुबान भी बदहवास

फतेहपुर, मो. शमशाद । लगातार बढ़ती प्रचंड गर्मी और उमस का कहर जारी है। एक तरफ सूरज गुस्से में आकर आग बरसा रहा है वहीं हवाओं के बदले रूख ने मौसम के मिजाज को और गर्म कर दिया है। पूरा दिन उमस से लोग बेहाल हो रहे हैं। शनिवार को भी हालात कुछ ऐसे ही रहे। सुबह से ही मौसम में उमस व धूप की तपिश रही। पारा 41 डिग्री से. को पार कर गया। गर्मी से बचने के लिए इंसान तो इंसान पशु पक्षी भी बेहाल दिखाई दे रहे है। जनपद में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। शनिवार को सूरज से निकलने वाली किरणों ने अपना रौद्र रूप दिखाते हुए 41 डिग्री का तापमान पहुंचा दिया। आसमान से बरसने वाली आग व उमस से आम जनमानस से लेकर बेजुबान तक पनाह मांगते नज़र आए। दिन भर लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। सूरज की आग व चिपचिपी गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में कूलर, एसी के आगे दुबकने को मजबूर हो गए। वहीं पशु पक्षी भी सहारा ढूढ़ते रहे। जरूरी काम को लोगों ने सुबह के समय ही निपटाना शुरू कर दिया। सुबह 10 बजे के बाद से

धूप से बचने के लिए छतरी लगाए युवक-युवती।

दिन भर सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। मजबूरीवश निकलने वाले लोग अपने शरीर को अंगौछे से ढक कर निकते तो किसी ने छाते का सहारा लिया लेकिन जल्दी से जल्दी वापस होने की तेज़ी साफ नजर आई। दोपहर तक तपन इतनी बढ़ गई कि मजबूरी में घर से निकलने वालों को अपना बदन झुलसता हुआ महसूस हुआ। तापमान की हालत ऐसी रही कि सुबह के आठ बजते ही तेज धूप और गर्मी से लोग परेशान हो उठे जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तापमान भी बढ़ता गया। आसमान से बरस रही आग और जमीन की गर्मी व तपिश से लोग बिलबिला उठे तेज़ धूप से बचने के लिए लोग तरह तरह के उपाय करते नज़र आए। चिलचिलाती धूप ने लोगों को काफी परेशान किया। वहीं कुछ लोग धूप से बचने के लिए छांव तलाशते नजर आए।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages