वीसी संचालक से बाइक सवार लुटेरों ने लूटी सवा लाख की नगदी - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, May 25, 2024

वीसी संचालक से बाइक सवार लुटेरों ने लूटी सवा लाख की नगदी

मां के साथ गांव से प्रेमनगर जा रहा था केंद्र संचालक

घटनास्थल पहुंचे एएसपी, संचालक से ली जानकारी

खागा/फतेहपुर, मो. शमशाद । शनिवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे थाना क्षेत्र के आरामपुर बसई गांव से महज चंद कदम की दूरी पर बदौड़ा यूपी बैंक के जन सुविधा केंद्र संचालक से बाइक सवार तीन लुटेरों ने तमंचा के बल पर लगभग एक लाख पचीस हजार नगदी रुपए लूट ले गए। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस जाँच पड़ताल में जुट गयी है। जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के दाढ़ीहार मजारा धनकामई गांव के रहने वाले कमलेश सिंह पुत्र छन्नालाल बदौड़ा यूपी बैंक का वीसी संचालक है। शनिवार की सुबह कमलेश सिंह अपनी माता के साथ अपने गांव से जन सुविधा केंद्र आरामपुर बसई गांव से होते हुए प्रेमनगर जा रहा था। जैसे ही वीसी संचालक आरामपुर बसई गांव से महज चंद कदम की दूरी पर पंहुचा तभी पहले से ही घात लगाए बाइक सवार तीन लुटेरों ने सुनसान जगह पर अचानक बाइक को रोक लिया। एकाएक हाथापाई कर बैग छीनने लगे। विरोध करने पर लुटेरों ने तमंचा की नोक पर बैग में रखे एक लाख पचीस हजार रूपए बैग सहित छीन कर लूट ले गए। जैसे ही लूट की खबर आसपास के लोगों को लगी तो घटनास्थल पर जमावड़ा लगना शुरू हो गया। आनन फानन पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेन्द्र कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचकर जाँच पड़ताल में जुट गए हैं। हालांकि मौके से पुलिस को दो जिन्दा कारतूस व एक जोड़ी चप्पल भी बरामद हुआ है।

घटनास्थल पर लगी भीड़ एवं मौजूद पुलिस बल।

तमंचे की नोक पर लूटी नगदी

पीड़ित वीसी संचालक कमलेश सिंह ने बताया कि वह प्रेमनगर क़स्बा में बदौड़ा यूपी बैंक के जन सुविधा केंद्र चलाता है। आज सुबह लगभग साढ़े दस बजे वह अपनी माता के साथ अपने गांव दाढ़ीहार से आरामपुर बसई गांव होते हुए अपने केंद्र प्रेमनगर जा रहा था। जैसे ही आरामपुर बसई गांव से महज चंद कदम की दूरी पर पंहुचा तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर लुटेरों ने उससे बैग छीनने की कोशिश की। जब इसका विरोध किया तो लुटेरों ने तमंचे की नोक पर बैग लूट कर फरार हो गए। बैग में एक लाख पचीस हजार नगदी और जरूरी कागजात थे।

जल्द होगा घटना का अनावरण

अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि जन सुविधा केंद्र संचालक कमलेश सिंह के साथ थाना क्षेत्र के आरामपुर बसई गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही इस घटना का अनावरण कर दिया जाएगा।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages