धनुष चौराहे से पटेल तिराहे तक चौडीकरण
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । चित्रकूट में शहरी यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शहर के सौंदर्य में वृद्धि के उद्देश्य से जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने धनुष चौराहे से पटेल तिराहे तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। यह परियोजना चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित की जा रही है, जिसके लिए शासन द्वारा 1298 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य सड़क के चौड़ीकरण, सर्विस रोड निर्माण तथा पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ निर्माण से संबंधित प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में आ रही
![]() |
| सडक चौडीकरण का निरीक्षण करते डीएम |
बाधाओं, जैसे विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों के स्थानांतरण के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा, ताकि कार्य में विलंब न हो। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजना में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाएगा। इस दौरान परियोजना से जुड़े अभियंता एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत जागरूकता और वितरण कार्यक्रम आयोजित चित्रकूट। जनपद में क्षय रोग उन्मूलन के प्रयासों के अंतर्गत दिनांक 08 अप्रैल को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा टीबी यूनिट मानिकपुर में उपचाररत 11 क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित की गई। इस दौरान उन्होंने मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने एवं उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया। किट में दाल, भुना चना, मूंगफली, सोयाबीन बड़ी एवं गुड़ जैसी पोषक सामग्री शामिल है, जो रोगियों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद, तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से निक्षय मित्र बनकर इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। साथ ही विश्व टीबी दिवस 24 मार्च से संचालित 100 दिवसीय अभियान की समीक्षा भी की गई, जिसमें डॉ पवन पालीवाल, डॉ अरुण कुमार पटेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)

No comments:
Post a Comment