समस्याओं के निस्तारण पर अधिकारी तत्परता से दे ध्यानःमंडलायुक्त
बराहमाफी के चिकित्सा अधिकारी का रोका वेतन, सीएमओ से मांगा स्पष्टीकरण
बांदा, के एस दुबे । आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा अजीत कुमार ने आज तहसील मानिकपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप महानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बाँदा राजेश एस. के साथ प्रतिभाग कर जनसुनवाई की। इस दौरान दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण न होने से आयुक्त खफा दिखे, उन्होंने उपजिलाधिकारी मानिकपुर को आदेशित किया कि समस्याओं के निस्तारण पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 40 शिकायती प्रार्थना पत्र आये।
आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित क्षेत्र भ्रमण कर जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो। सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत आयुक्त द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बराहमाफी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र पर केवल फार्मासिस्ट श्याम करण सिंह ही उपस्थित थे। चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज कुमार के विगत चार दिनों से अनुपस्थित पाए जाने पर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उक्त चिकित्सक का उपरोक्त अनुपस्थित दिवसों का वेतन अवरुद्ध करने एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों एवं स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके उपरांत आयुक्त ने कृषि उत्पादन मण्डी समिति मानिकपुर स्थित गेहूँ क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गेहूँ खरीद कार्य संतोषजनक पाया गया। गर्मी के दृष्टिगत आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं विद्यालयों में शीतल पेयजल, छाया एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आयुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण तथा शासकीय सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


No comments:
Post a Comment