फसल को उजाड़ माफियाओं ने बना डाला रास्ता
कलेक्ट्रेट पहुंचा किसान, लगाई न्याय की गोहार
बांदा, के एस दुबे । बालू के शैतानों से किसानों को परेशानी न हो ऐसा हो नहीं सकता है। बालू माफिया कभी किसानों की जमीनों पर जबरिया कब्जा करते हैं, तो कभी रास्ता बनाकर वाहन निकालते हैं या हरे भरे खेतों को बंजर बनाकर अपना उल्लू सीधा कर चल देते हैं। रोकथाम के लिये मौजूद खनिज प्रशासन जांच के नाम पर क्लीन चिट देकर सरकारी कोरम को पूरा कर शिकायत की इतिश्री कर देता है। ऐसे में किसानों को न्याय कौन दे ये सबसे बड़ा यक्ष प्रश्न बन गया है। गौरतलब हो कि आज पैलानी तहसील क्षेत्र की साड़ी खंड 1 बालू खदान के माफियाओं का कहर केन नदी के साथ साथ किसानों पर भी टूट रहा है। किसान लगातार अधिकारियों की चौखट में चक्कर लगा रहा है लेकिन खनिज अधिकारी और एसडीएम पैलानी माफियाओं की दी हुई मलाई चाट रहे हैं, और किसान
प्रशासनिक पटलों के चक्कर लगा लगा कर पस्त हो रहा है। ग्राम साड़ी निवासी किसान छोटा सिंह, गजराज ने बताया कि बालू खंड संचालक पंकज चतुर्वेदी, मयंक मिश्रा और अंकित सिंह ने उनके खेत में खड़ी फसल बिना इजाजत के बर्बाद कर दी और ट्रैकों के निकलने का रास्ता बना दिया विरोध करने पर गली गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। किसान ने आरोप लगाया कि खनिज अधिकारी ने बालू माफियाओं के साथ साठ गांठ बना रखी है और उच्च अधिकारियों को इनके द्वारा लगातार गुमराह किया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment