पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणी,पर कार्रवाई की मांग तेज - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Tuesday, April 21, 2026

पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणी,पर कार्रवाई की मांग तेज

बांदा, के एस दुबे । बांदा प्रेस ट्रस्ट के संरक्षक एवं पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा के खिलाफ एक तथाकथित साधु द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर जनपद में रोष व्याप्त है। मामले को गंभीर बताते हुए बांदा प्रेस ट्रस्ट की ओर से आयुक्त, चित्रकूट धाम मंडल को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि श्री मिश्रा एक सक्रिय एवं जनहितैषी जनप्रतिनिधि रहे हैं। संसद में उनकी सौ फीसदी उपस्थिति रही और वे सबसे अधिक सवाल उठाने वाले सांसदों में शामिल रहे। बुंदेलखण्ड के विकास के लिए विशेष पैकेज दिलाने, रेल लाइन के दोहरीकरण समेत कई महत्वपूर्ण कार्यों में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। आरोप है कि एक तथाकथित साधु, जिसकी आपराधिक पृष्ठभूमि होने की भी चर्चा है, ने भैरों मिश्रा और उनकी स्वर्गीय माता के प्रति बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की है। इस घटना से आम जनता की भावनाएं


आहत हुई हैं और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। बांदा प्रेस ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी की तत्काल पहचान कर उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखने वाली बात होगी कि आरोपी के विरुद्ध कितनी शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई होती है।




No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages