मोदी सरकार के बारह साल पूरे होने पर भाजपा का महासंपर्क अभियान शुरू - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Thursday, May 28, 2026

मोदी सरकार के बारह साल पूरे होने पर भाजपा का महासंपर्क अभियान शुरू

5 जून से 21 जून तक होंगे कार्यक्रम, कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को मिला जीत का मंत्र

फतेहपुर, मो शमशाद । केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को जेल रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान को लेकर जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताते हुए घर-घर संपर्क कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचीं भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुरक्षा,

कार्यशाला में भाग लेतीं जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय।



आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज देश ही नहीं बल्कि दुनिया में भारत की पहचान मजबूत हुई है और जनता का भरोसा भाजपा सरकार पर लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पांच जून विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले भर में नौ प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी निर्णयों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएं तथा बूथ स्तर तक सक्रिय होकर अभियान को सफल बनाएं। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज सिंह ने की। संचालन अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष उदय लोधी ने किया। वहीं सुनीता गुप्ता, अरिमर्दन सिंह और मधुराज विश्वकर्मा सह संयोजक के रूप में अभियान की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कार्यक्रम में जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, पंकज त्रिवेदी, सुशीला मौर्या, अपर्णा सिंह, कुलदीप भदौरिया, पंकज त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, राधा साहू, गीता सिंह, रेखा सरोज, ओमप्रकाश पाल, सुधीर मिश्रा, धर्मेंद्र सिंह, विमलेश पांडेय, सुमित द्विवेदी, राजबहादुर पासवान, बलराम चैहान, गौरव शुक्ला, शिवाकांत तिवारी, अखिलेश कुमार, अमित शिवहरे, विजय प्रताप सिंह, कमलेश योगी और रामगोपाल शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages