बांदा, के एस दुबे । जनपद के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पथरी निवासी लालबहादुर पुत्र स्व. गयाप्रसाद ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर एक विवेचक पर रिश्वत लेने और बावजूद इसके चार्जशीट लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार गांव की एक महिला द्वारा दर्ज कराए गए मारपीट के मुकदमे में उसका नाम शामिल किया गया था, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार तिवारी द्वारा की जा रही थी। लालबहादुर का आरोप है कि घटना वाले दिन वह अपनी बुआ के अंतिम संस्कार में कानपुर देहात में मौजूद था और उसने अपनी लोकेशन रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य विवेचक को उपलब्ध कराए थे।
शिकायत में कहा गया है कि विवेचक ने मामले से नाम हटाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहने पर पीड़ित ने 10 हजार रुपये देने का आरोप लगाया है। इसके बावजूद उसके खिलाफ चार्जशीट लगा दी गई। पीड़ित ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच किसी अन्य थाने से कराए जाने, दिए गए रुपये वापस दिलाने तथा संबंधित विवेचक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।


No comments:
Post a Comment