24 घंटे में पानी नहीं तो कार्रवाई तय
ग्राम पंचायतों में पेयजल आपूर्ति पर समीक्षा बैठक
चित्रकूट, सुखेन्द्र अग्रहरि । भीषण गर्मी और बढ़ते जल संकट के बीच कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री डीपी पाल का सख्त प्रशासनिक तेवर देखने को मिला। मानिकपुर तहसील की ग्राम पंचायतों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की समस्या किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खराब पड़े हैंडपंपों को 24 घंटे के भीतर चालू करने के निर्देश देते हुए उन्होंने रिबोर कार्य में हो रही देरी पर अधिकारियों और सचिवों को कड़ी फटकार लगाई। सीडीओ ने सवाल उठाया कि जब बजट उपलब्ध है तो फिर जनता प्यास क्यों झेल रही है? पाठा क्षेत्र की आठ चिन्हित ग्राम पंचायतों में टैंकरों और जल जीवन मिशन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
![]() |
| समीक्षा बैठक में मौजूद अधिकारीगण |
उन्होंने कहा कि प्रशासन के पास टैंकरों की कोई कमी नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर किराए के टैंकर लगाकर भी पानी पहुंचाया जाए। भूजल स्तर गिरने से जिन क्षेत्रों में हैंडपंप जवाब दे चुके हैं, वहां टैंकर ही सहारा होंगे। प्रमुख बाजारों और चौराहों पर प्याऊ लगाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में सीडीओ ने सचिवों को जनता के फोन अनिवार्य रूप से उठाने और समस्याओं का तत्काल समाधान करने की चेतावनी दी। पेयजल शिकायतों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए। बिना सूचना बैठक से गायब रहने वाले करौंहा ग्राम पंचायत सचिव पर सख्त कार्रवाई करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही गांवों में स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।


No comments:
Post a Comment