बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाएगा एचपीवी टीका - Amja Bharat

Amja Bharat

All Media and Journalist Association

Breaking

Saturday, May 23, 2026

बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाएगा एचपीवी टीका

डीएम अमित आसेरी ने की निःशुल्क टीकाकरण की अपील

बांदा, के एस दुबे । महिलाओं और बालिकाओं को जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए शासन के निर्देश पर जनपद बांदा में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी  बांदा अमित आसेरी ने जनपदवासियों के नाम एक विशेष अपील जारी की है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एकमात्र प्रभावी जरिया जिलाधिकारी ने अपनी अपील में बताया कि महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण एचपीवी


संक्रमण है। समय पर टीका लगवाना ही इस गंभीर बीमारी से बचने का सबसे प्रभावी और सुरक्षित माध्यम है। यह टीका पूरी तरह से सुरक्षित, गुणवत्तापरक और चिकित्सीय मानकों के अनुकूल है। दुनिया के 100 से अधिक देशों में इस टीके का सफल प्रयोग किया जा रहा है और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित हो चुका है कि इसका कोई भी शारीरिक दुष्प्रभाव या कमजोरी नहीं होती। बाजार में अत्यधिक है कीमत, सरकार दे रही है मुफ्त सुरक्षा, जिलाधिकारी अमित आसेरी ने स्पष्ट किया कि खुले बाजार में इस टीके की कीमत बहुत ज्यादा है, जिसे आम परिवार आसानी से वहन नहीं कर सकते। लेकिन भारत सरकार और राज्य सरकार के तत्वाधान में देश की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा के लिए बांदा जनपद में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को यह सुविधा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

 जनपद की बेटियों को मजबूत और स्वस्थ बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष सत्र चलाए जा रहे हैं।जनपद के सभी ब्लॉक मुख्यालयों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर। सोमवार से शनिवार, प्रतिदिन सुबह 10बजे से दोपहर 3बजे तक। टीका लगवाने के लिए बेटी का आयु प्रमाणित करने वाला कोई भी दस्तावेज जैसे जन्म प्रमाण पत्र या पहचान पत्र और एक चालू मोबाइल फोन जिस पर ओटीपी आ सके साथ ले जाना अनिवार्य है।अफवाहों पर न दें ध्यान, दूसरों को भी करें जागरूक जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा है कि इस जनहितकारी अभियान को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांतियों या सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपने आसपास के पड़ोसियों को भी जागरूक करें। उन्होंने पूरी उम्मीद जताई है कि बांदा के नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान शत-प्रतिशत सफल होगा और जनपद की बेटियां स्वस्थ एवं सुरक्षित रहेंगी।


No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Pages