बांदा, के एस दुबे । ईद-उल-अजहा का त्योहार आज पूरे अकीदत, उल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है। सुबह जिले की विभिन्न प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों ने शांतिपूर्ण तरीके से ईद की नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चौन व भाईचारे की दुआ मांगी। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा। गुरुवार सुबह से ही पारंपरिक परिधानों में सजे नमाजी शहर की जामा मस्जिद, प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों की तरफ बढ़ने लगे थे। निर्धारित समय पर मौलानाओं की सरपरस्ती में ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा कराई गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा सुबह से ही सड़कों पर अलर्ट मोड में नजर आया। शहर के सभी संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल और आरएएफ/पीएसी के जवान तैनात किए गए। नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को परखने और असामाजिक तत्वों पर नजर
रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग करते रहे और मस्जिदों के आसपास की व्यवस्थाओं का खुद जायजा लिया, जिससे नमाजियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। नमाज के समापन के बाद हिंदू-मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की बधाई दी, जिससे बांदा की गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। प्रशासन द्वारा पहले से की गई तैयारियों और रूट डायवर्जन के चलते यातायात व्यवस्था भी सुचारू रूप से चलती रही और कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी। जनपद में ईद-उल-अजहा की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई है। सभी संवेदनशील बिंदुओं पर पुलिस बल तैनात है और त्योहार के शांतिपूर्ण समापन तक सोशल मीडिया से लेकर धरातल तक कड़ी निगरानी जारी रहेगी।


No comments:
Post a Comment