डीआईजी,डीएम एवं एसपी ने सड़कों पर उतरकर लिया जायजा
बांदा, के एस दुबे । जनपद बांदा में ईद-उल-जुहा के पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से जिले के आला अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभालते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन भ्रमण किया और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस., जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील और प्रमुख इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने और हर छोटी-बड़ी
गतिविधि पर नजर रखने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और संभ्रांत व्यक्तियों से सीधा संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने सभी से ईद-उल-जुहा के त्योहार को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। इसके साथ ही, प्रशासनिक अमले ने सभी जनपदवासियों को पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों और छतों पर सुरक्षा की स्थिति जांचने के लिए ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्मों जैसे फेसबुक, एक्स, व्हाट्सएप पर पुलिस की साइबर सेल लगातार नजर रख रही है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि अफवाहों या भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस को दें।


No comments:
Post a Comment